भागलपुर: फोरलेन पर डाइवर्स की मांग को लेकर ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना, NH-80 घंटों जाम
बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत गनगनिया पंचायत के खड़िया पिपरा मुख्य चौक (एनएच-80) पर शनिवार को हजारों ग्रामीणों ने फोरलेन पर गांव जाने के लिए डाइवर्स (कट) की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत गनगनिया पंचायत के खड़िया पिपरा मुख्य चौक (एनएच-80) पर शनिवार को हजारों ग्रामीणों ने फोरलेन पर गांव जाने के लिए डाइवर्स (कट) की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने एनएच-80 और घोरघट-मुंगेर मार्ग को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश मुखिया संघ के उपाध्यक्ष एवं खड़िया पिपरा पंचायत के मुखिया संजय कुमार ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि फोरलेन निर्माण के दौरान खड़िया पिपरा गांव के लिए डाइवर्स नहीं बनाया गया, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मांग को लेकर पहले भी जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाई गई थी। उनका आरोप है कि जिला पदाधिकारी द्वारा डाइवर्स बनवाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, संबंधित मंत्री और स्थानीय विधायक को भी लिखित आवेदन दिया गया, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो सका।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक भागलपुर और मुंगेर के जिला प्रशासन की ओर से डाइवर्स निर्माण को लेकर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन सड़क जाम जारी रहेगा।
सूचना मिलने पर बीडीओ संजीव कुमार और थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
सुबह करीब सात बजे से शुरू हुआ सड़क जाम खबर लिखे जाने तक जारी रहा। इसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हजारों यात्रियों को उमस भरी गर्मी में घंटों फंसे रहना पड़ा। दोपहर में हल्की बारिश होने के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और यात्री बारिश में भी भीगते नजर आए। प्रशासन की ओर से फिलहाल आंदोलन समाप्त कराने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
dhananjaykumarroy